मेरठ। मेरठ में सोतीगंज के वाहन माफिया हाजी गल्ला और इकबाल पर पुलिस ने फिर से गुंडा एक्ट लगाने की तैयारी कर ली है। पुलिस का दावा है कि जेल से छूटने के बाद से दोनों कबाड़ी गाड़ी कटवा रहे हैं। इसके पुख्ता सबूत मिलने पर पुलिस उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर रही है। दोनों कबाड़ियों की घेराबंदी करने में पुलिस जुटी है।

पुलिस ने दोनों कबाड़ियों की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क की है, इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने फिर से दोनों कबाड़ियों का रिकॉर्ड मांगा है। दोनों कबाड़ियों पर फिर से गुंडा एक्ट की कार्रवाई करने की पुलिस ने तैयारी कर दी है। एसएसपी का कहना है कि सोतीगंज के कबाड़ियों पर कार्रवाई चल रही है।

लालकुर्ती और सदर थाने में कबाड़ियों पर गाड़ी काटने के कई मुकदमे दर्ज है। गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कबाड़ियों पर कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि कबाड़ियों ने चोरी के वाहन काटकर करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। कबाड़ियों की संपत्ति के लिए एमडीए से पुलिस ने जानकारी मांगी है। एमडीए की रिपोर्ट के बाद कबाड़ियों संपत्ति पर बुलडोजर की कार्रवाई भी सुनिश्चित होगी।