मुजफ्फरनगर। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया।

इस क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने थाना कोतवाली नगर और थाना खालापार क्षेत्र में प्रस्तावित मुहर्रम जुलूस मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूरे रूट की बारीकी से समीक्षा की और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी बिंदुओं को परखा।

पुलिस अधिकारियों ने इस दौरान जुलूस मार्गों पर बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, संवेदनशील स्थानों की पहचान और रूट डायवर्जन प्लान का विस्तृत निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आयोजन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए।
निरीक्षण के बाद पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों के साथ संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च भी निकाला गया। यह फ्लैग मार्च खालापार और कोतवाली नगर क्षेत्र की तंग गलियों, मुख्य बाजारों और प्रमुख चौराहों से होकर गुजरा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा देखा गया।
अधिकारियों ने इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और मुहर्रम आयोजन से जुड़े कमेटी पदाधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक भी की। बैठक में शासन की गाइडलाइंस की जानकारी दी गई और स्पष्ट किया गया कि जुलूस तय मार्ग और निर्धारित समय के अनुसार ही निकाला जाएगा। साथ ही ताजियों की ऊंचाई, ध्वनि स्तर और अनुशासन को लेकर भी सख्त पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ा दी गई है और भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

