मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के पचेंडा कलां स्थित प्राथमिक विद्यालय-01 से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 10 वर्षीय छात्रा आयुषी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय में महज 10 रुपये चोरी करने के आरोप में शिक्षिका द्वारा शिकायत किए जाने के बाद एक शिक्षक ने बच्ची के साथ मारपीट की और पूरे स्कूल के सामने उसे अपमानित किया। परिवार का दावा है कि इस घटना से मानसिक रूप से आहत होकर छात्रा ने घर पहुंचने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से ललितपुर जनपद के थाना जखौरा क्षेत्र के चक ललौन निवासी अशोक राजपूत वर्तमान में पचेंडा कलां गांव में किराये पर परिवार के साथ रह रहे हैं। अशोक और उनकी पत्नी ज्योति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी पांच बेटियों में आयुषी चौथी कक्षा की छात्रा थी और गांव के प्राथमिक विद्यालय-01 में पढ़ती थी। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में अच्छी और शांत स्वभाव की बच्ची थी।

पिता अशोक ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 22 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे विद्यालय की शिक्षिका सविता का उनके पास फोन आया। शिक्षिका ने आरोप लगाया कि आयुषी ने उनके पर्स से 10 रुपये निकाल लिए हैं। पिता का कहना है कि उन्होंने फोन पर ही शिक्षिका से कहा कि बच्ची छोटी है, उसे समझाकर घर भेज दें, वह काम से लौटकर स्वयं उसे समझा देंगे।
परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद विद्यालय के शिक्षक राजीव ने बच्ची के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि शिक्षक ने पूरी कक्षा और स्कूल के सामने आयुषी को लात-घूंसों से पीटा और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। परिवार का आरोप है कि इस घटना से बच्ची गहरे सदमे में चली गई।
परिजनों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे छुट्टी होने के बाद आयुषी अपनी बहनों के साथ घर पहुंची। पड़ोस में रहने वाली पूजा ने बताया कि आयुषी उसके पास घर की चाबी लेने आई थी। पूजा के मुताबिक जब उसने आयुषी से अपने घर बैठने के लिए कहा तो बच्ची रोते हुए बोली, “मास्टर जी ने मुझे बहुत पीटा है, मैं पहले अंदर बैग रखकर आती हूं।” इसके बाद वह अपने घर चली गई।
पिता अशोक का कहना है कि जब वह दोपहर करीब तीन बजे काम से घर लौटे तो कमरे का दरवाजा खोलते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनकी मासूम बेटी आयुषी दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। उन्होंने तत्काल बच्ची को नीचे उतारा और स्थानीय पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक छात्रा के पिता की तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी की भूमिका या लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला परिजनों के गंभीर आरोपों पर आधारित है। पुलिस जांच जारी है और मामले के तथ्य जांच व साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होंगे।

