मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए मीरापुर क्षेत्र में छह संस्थानों को सील कर दिया। जांच में कई संस्थान बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक मानकों के संचालित पाए गए। वहीं चार अन्य संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मीरापुर क्षेत्र में निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैबों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगह गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

कार्रवाई के दौरान अपूर्वा फिजियोथैरेपी सेंटर, हुमैरा मेडिकल क्लिनिक, भारत पैथोलॉजी लैब, ह्यूमन केयर लैब, रोजी क्लिनिक फिजियोथैरेपी सेंटर और एक बिना नाम से संचालित पैथोलॉजी लैब को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ये संस्थान निर्धारित नियमों और मानकों का पालन नहीं कर रहे थे।
इसके अलावा चार अन्य अस्पतालों और क्लीनिकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा में स्पष्टीकरण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण और अनुमति के संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से केवल पंजीकृत और मान्यता प्राप्त अस्पतालों व लैबों में ही उपचार कराने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए जनपदभर में अवैध अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

