मुजफ्फरनगर में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग, जेई पर लगाए गंभीर आरोप

मुजफ्फरनगर में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग, जेई पर लगाए गंभीर आरोप

मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती से परेशान सुभाष नगर के लोगों का सब्र शनिवार सुबह जवाब दे गया। गांधी कॉलोनी-सुभाष नगर की गली नंबर 17 में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी सड़क पर उतर आए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “जेई मुर्दाबाद” और “गांधी कॉलोनी बिजलीघर हाय-हाय” के नारे लगाते हुए अधिकारियों के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। लोगों ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराने का आरोप लगाते हुए तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने संबंधित अवर अभियंता पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली की शिकायत करने पर जेई न केवल फोन उठाने से बचते हैं, बल्कि खुद को राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल का करीबी बताते हुए कहते हैं कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। लोगों का आरोप है कि इस तरह की बातें कहकर शिकायतकर्ताओं को डराने और चुप कराने का प्रयास किया जाता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब सात बजे से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी। पूरे दिन बिजलीघर से केवल एक-एक घंटे का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन बिजली बहाल नहीं हुई। शुक्रवार शाम करीब छह बजे महज आधे घंटे के लिए बिजली आई और उसके बाद फिर आपूर्ति ठप हो गई। पूरी रात भीषण गर्मी में लोगों को बिना बिजली के गुजारनी पड़ी, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय निवासी अभिषेक त्यागी ने बताया कि शनिवार सुबह क्षेत्र के लोग बिजलीघर पहुंचे और अधिशासी अभियंता से मिलकर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित जेई ने एक बार भी उनका फोन रिसीव नहीं किया। वहीं मौके पर मौजूद लाइनमैन ने जानकारी दी कि इलाके का ट्रांसफार्मर फुंक चुका है और उसे बदलने के लिए विभाग के पास स्पेयर ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं है। बताया गया कि यहां रखा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर पहले ही मिमलाना रोड क्षेत्र में भेज दिया गया था, जिसके कारण समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो पा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में बिजली संकट कोई नई समस्या नहीं है। उनका आरोप है कि जब भी बिजली आपूर्ति को लेकर शिकायत की जाती है तो जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाते। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को ही उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर मुख्य अभियंता को फोन पर कड़ी फटकार लगाई थी और व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सुभाष नगर क्षेत्र में हालात जस के तस बने रहने से स्थानीय लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। वहीं जेई पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इस संबंध में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *