मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के बिराल गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने एक इनोवा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 11 बजे हुआ, जब सफेद रंग की इनोवा कार दिल्ली से देहरादून की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटती हुई किनारे जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में चालक विनय कुमार शर्मा (45) पुत्र महेंद्र शर्मा, निवासी नंदग्राम, गाजियाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी पहचान गंभीर सिंह (गोविंदपुरम), आदेश त्यागी (राजनगर) और अवनीश (तहसील कंपाउंड, गाजियाबाद) के रूप में हुई है।
Budhana पुलिस के अनुसार सभी घायल किसी व्यावसायिक कार्य से देहरादून जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पताल में भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और टोल प्लाजा से भी वाहनों का डेटा जुटाया जा रहा है।

