मुजफ्फरनगर। कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला बेहड़ा पट्टी में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। वर्षों से चली आ रही समस्या और नगर पंचायत प्रशासन की कथित लापरवाही के विरोध में लोगों ने घुटनों तक भरे गंदे और बदबूदार पानी में खड़े होकर अनोखा प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे नगर पंचायत कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।

भोकरहेड़ी के बेहड़ा पट्टी मोहल्ले में हालात ऐसे हैं कि गलियों में लगातार जलभराव के कारण जगह-जगह तालाब जैसे हालात बन गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात की शुरुआत में ही नालियों की बदहाल व्यवस्था उजागर हो गई, जिससे पानी अब घरों की नींव तक पहुंचने लगा है।
निवासियों ने आरोप लगाया कि कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं और भवनों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। साथ ही भूजल स्तर भी प्रभावित हुआ है, जिसके चलते हैंडपंपों से दूषित और पीला पानी निकल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदे पानी की वजह से बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर मामले को टाल देते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कस्बे के अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते और नियमित रूप से कार्यालय में भी उपलब्ध नहीं रहते।
वहीं नगर पंचायत चेयरमैन सरला देवी वामन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासन गंभीर है और जल्द ही तकनीकी सर्वे कराकर नाला निर्माण या जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

