मुजफ्फरनगर में घर की मरम्मत करने आए युवकों पर 3.60 लाख रुपये चोरी का आरोप, महिला ने थाने में दी तहरीर; पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर में घर की मरम्मत करने आए युवकों पर 3.60 लाख रुपये चोरी का आरोप, महिला ने थाने में दी तहरीर; पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के अलमासपुर इलाके में घर की मरम्मत और एसी रिपेयरिंग का काम करने आए युवकों पर अलमारी में रखे तीन लाख 60 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने मामले को लेकर नई मंडी थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी की रकम बरामद कराने की मांग की है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रूपांश पत्नी अंकित कुमार, निवासी अलमासपुर ने बताया कि उनके पति ने घर में एसी और फर्नीचर की मरम्मत का काम कराने के लिए परिचित आंशु पुत्र सुभाष कटारिया निवासी अलमासपुर को बुलाया था। आंशु अपने साथ एसी की मरम्मत के लिए शिवम पुत्र सतवीर निवासी ग्राम कवाल को भी लेकर आया था।

महिला के मुताबिक, 20 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे दोनों युवक घर में काम कर रहे थे। उस समय उनकी सास नीचे के कमरे में घरेलू काम में व्यस्त थीं। इसी दौरान आंशु और उसके साथियों का घर में आना जाना रहा। आरोप है कि कुछ देर के लिए युवक बाहर भी गए और करीब एक घंटे बाद वापस लौटे। शाम करीब छह बजे काम समाप्त करने के बाद वे वहां से चले गए।

अगले दिन गायब मिले रुपये

शिकायत के अनुसार, 21 अगस्त को जब युवक काम पर नहीं पहुंचे तो महिला ने उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद घर में सामान व्यवस्थित करते समय महिला को कपड़ों की गठरी में रखी नकदी दिखाई नहीं दी।

महिला के अनुसार, जांच करने पर पता चला कि कपड़ों में रखे तीन लाख 60 हजार रुपये गायब थे। नकदी गायब मिलने पर उन्होंने तत्काल अपने पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पति ने आंशु को फोन कर रुपयों के संबंध में जानकारी मांगी और घर आने के लिए कहा। आरोप है कि आंशु ने घर आने से इनकार कर दिया।

पहले चौकी पर दी शिकायत, अब थाने में पहुंचा मामला

पीड़िता का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद 21 अगस्त को ही कुकड़ा चौकी प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले से अवगत कराया गया था। आरोप है कि वहां अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद अब नई मंडी थाना प्रभारी को लिखित तहरीर दी गई।

तहरीर में महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और चोरी की गई रकम बरामद कराने की मांग की है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घर में काम करने आए युवकों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घर की मरम्मत के लिए बुलाए गए युवकों पर लाखों रुपये की चोरी का आरोप लगने के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। चोरी की रकम बरामद होना और आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *