मुजफ्फरनगर में एमडीए का बड़ा एक्शन: 13,000 वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी ध्वस्त, बुल्डोजर से ढहाए निर्माण

मुजफ्फरनगर में एमडीए का बड़ा एक्शन: 13,000 वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी ध्वस्त, बुल्डोजर से ढहाए निर्माण

मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध प्लाटिंग और बिना नक्शा पास कराए बसाई जा रही कॉलोनियों के खिलाफ मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सहारनपुर मंडल की मंडलायुक्त एवं एमडीए उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के निर्देश पर बुढ़ाना रोड क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार एमडीए की प्रवर्तन टीम ने जोन-4 के अंतर्गत बुढ़ाना रोड पर करीब 13,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली अवैध प्लाटिंग और निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई अटल आवास एनक्लेव और इंडियाना फैक्ट्री से आगे खसरा नंबर 522, 523 और 524 की जमीन पर की गई, जहां बिना किसी स्वीकृत ले-आउट और मानचित्र के अवैध निर्माण चल रहा था।

एमडीए अधिकारियों के अनुसार संबंधित पक्षों को पहले नोटिस जारी किए गए थे और उन्हें सुनवाई का पूरा अवसर दिया गया था, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद सक्षम स्तर से ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए।

आदेश के अनुपालन में बुधवार को एमडीए की सहायक अभियंता, अवर अभियंता और प्रवर्तन दल की टीम भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। कुछ ही घंटों में बुल्डोजर और जेसीबी की मदद से अवैध रूप से खड़ी दीवारें, सड़कें और निर्माण ढहाकर पूरे क्षेत्र को मलबे में बदल दिया गया।

इस कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जबकि प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा।

एमडीए की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों और प्रॉपर्टी डीलरों में हड़कंप मच गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत नक्शा और ले-आउट के किसी भी प्रकार के निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एमडीए उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के निर्देशों का हवाला देते हुए अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि प्लॉट या संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें, अन्यथा नुकसान के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *