मुजफ्फरनगर के चाचा-भतीजे पर टूटा रफ्तार का कहर, इनोवा की टक्कर से 19 वर्षीय तालिब की मौत; भतीजा जिंदगी-मौत से जूझ रहा

मुजफ्फरनगर के चाचा-भतीजे पर टूटा रफ्तार का कहर, इनोवा की टक्कर से 19 वर्षीय तालिब की मौत; भतीजा जिंदगी-मौत से जूझ रहा

सोनीपत/मुजफ्फरनगर। हरियाणा के सोनीपत जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गन्नौर क्षेत्र में गांव भूर्री अड्डे के पास मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार इनोवा कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार चाचा-भतीजा उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में मुजफ्फरनगर जिले के गांव जटवाड़ा निवासी 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 16 वर्षीय नाबालिग भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

किराये के मकान में रह रहे थे चाचा-भतीजा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के ककरौली थाना क्षेत्र के गांव जटवाड़ा निवासी मोहम्मद तालिब (19) पिछले कुछ समय से अपने 16 वर्षीय भतीजे शाहनवाज के साथ हरियाणा के गन्नौर में किराये के मकान में रह रहे थे। मंगलवार दोपहर दोनों किसी जरूरी काम के सिलसिले में मोटरसाइकिल से सोनीपत की ओर जा रहे थे। दोनों गांव भूर्री अड्डे के पास पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही इनोवा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

भीषण टक्कर में बाइक के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, कार और बाइक के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दोनों चाचा-भतीजे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तालिब को मृत घोषित किया

हादसे के बाद दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मोहम्मद तालिब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 16 वर्षीय शाहनवाज की हालत गंभीर होने के कारण उसे सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे में परिवार के एक सदस्य की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन कब्जे में लिए

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक विक्रम ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जटवाड़ा गांव में पसरा मातम

मोहम्मद तालिब की असमय मौत की खबर जैसे ही मुजफ्फरनगर के गांव जटवाड़ा पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पैतृक गांव के साथ ही गन्नौर में रह रहे परिचितों और रिश्तेदारों में भी शोक की लहर दौड़ गई। जिस परिवार के दो सदस्य काम के सिलसिले में घर से निकले थे, उन्हें एक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *