मुजफ्फरनगर अपहरण कांड का खुलासा, छोटा राजन गैंग का खूंखार गुर्गा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर अपहरण कांड का खुलासा, छोटा राजन गैंग का खूंखार गुर्गा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के प्रकाश चौक से नौकरी का झांसा देकर दलित युवती के अपहरण के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक ऐसे दुर्दांत अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसका नाम सुनकर ही कई राज्यों की पुलिस सतर्क हो जाती है। पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोचा गया आरोपी कुख्यात अंडरवर्ल्ड सरगना छोटा राजन गैंग का सक्रिय गुर्गा निकला है, जिसके खिलाफ हत्या, लूट, अपहरण, दुष्कर्म और अन्य संगीन अपराधों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसकी ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने बताया कि प्रकाश चौक से युवती के अपहरण की घटना ने पुलिस महकमे को चुनौती दे दी थी। युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक अज्ञात व्यक्ति ओरा कार में बैठाकर अपने साथ ले गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने तत्काल विशेष अभियान शुरू कराया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दस विशेष टीमों का गठन किया गया। साथ ही आरोपी पर पच्चीस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।

पुलिस ने घटना के बाद जिले और आसपास के क्षेत्रों में लगे एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। टोल प्लाजा और हाईवे निगरानी तंत्र की मदद से संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। लगातार कई दिनों तक तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए पुलिस आरोपी के बेहद करीब पहुंच गई।

सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात थाना सिविल लाइन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बामनहेड़ी-रुड़की रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध ओरा कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन वह तेजी से भाग निकला। पीछा किए जाने पर आरोपी ने खुद को घिरा देखकर कार छोड़ दी और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। बदमाश की एक गोली पुलिस वाहन में भी लगी। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग के दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतपाल उर्फ सत्तू पुत्र मुन्नू राम निवासी रामदरबार, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अपहृत युवती की पीली धातु की एक जोड़ी बालियां, एक मोबाइल फोन, अवैध .32 बोर पिस्टल, कारतूस और घटना में प्रयुक्त ओरा कार बरामद की गई। पुलिस ने एक संदिग्ध कूटरचित दस्तावेज भी कब्जे में लिया है, जिसकी जांच की जा रही है।

पूछताछ और आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल में सामने आया कि सतपाल उर्फ सत्तू कोई साधारण अपराधी नहीं बल्कि अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय बेहद शातिर बदमाश है। वह करीब पंद्रह वर्ष जेल में रह चुका है और उसका संबंध छोटा राजन गैंग से बताया जा रहा है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वह इसी वर्ष फरवरी माह में पंजाब की लुधियाना जेल से फरार हो गया था और तब से लगातार फरारी काट रहा था।

जेल से भागने के बाद उसने उत्तर प्रदेश को अपनी गतिविधियों का केंद्र बना लिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी कई जनपदों में घूम-घूमकर नाबालिग किशोरियों और युवतियों को अपना शिकार बनाता था। वह नौकरी और बेहतर भविष्य का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाता और फिर अपहरण तथा दुष्कर्म जैसी वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब उसके अन्य संभावित अपराधों की भी जांच कर रही है।

मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी और दोनों जख्मी पुलिसकर्मियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया, जबकि दोनों पुलिसकर्मियों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन जिला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी ली तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने घायल जवानों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

फिलहाल पुलिस की जांच अब इस दिशा में भी आगे बढ़ रही है कि फरार चल रहे इस खूंखार अपराधी को मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में किसने शरण दी थी। पुलिस ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से कई अन्य गंभीर मामलों के खुलासे की भी संभावना है और आने वाले दिनों में आरोपी से पूछताछ के आधार पर और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *