मीरापुर में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

मीरापुर में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ ददिंदगी की दुखद एवं शर्मनाक घटना से हड़कंप मच गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश व्याप्त है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। खेलते समय मासूम को बनाया शिकार प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीरापुर निवासी नौ वर्षीय मासूम अपने मोहल्ले की गली में खेल रही थी।

आरोप है कि पास ही स्थित योगमाया मंदिर के पास (मोहल्ला मोरी) निवासी अर्जुन उर्फ पूची (पुत्र दीपक शर्मा उर्फ मोनू) ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर बुला लिया और उसके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर घर पहुंची रोती-बिलखती मासूम ने परिजनों को आपबीती बताई। घटना सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। बदहवास परिजन तुरंत मीरापुर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तत्काल हरकत में आई।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पोक्सो (POCSO) एक्ट तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पीड़ित किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश कर दिया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आरोपी के प्रति भारी गुस्सा है और वे कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *