मीरापुर में पति का हाईवोल्टेज ड्रामा, पत्नी से विवाद के बाद ट्रैक्टर के आगे लेटा, लोगों ने बचाई जान

मीरापुर में पति का हाईवोल्टेज ड्रामा, पत्नी से विवाद के बाद ट्रैक्टर के आगे लेटा, लोगों ने बचाई जान

मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए चलते ट्रैक्टर के सामने लेटने की कोशिश की। युवक को सड़क पर लेटा देख राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और उन्होंने तुरंत युवक को सड़क से हटाकर उसकी जान बचा ली।

घटना मीरापुर बिजलीघर के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दंपत्ति बाइक से मीरापुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने बीच रास्ते में बाइक रोक दी।

आरोप है कि गुस्से में युवक अचानक बाइक से उतरा और सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर के आगे सड़क पर लेट गया। अचानक युवक को सड़क पर देखकर ट्रैक्टर चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल ब्रेक लगा दिए। वहीं आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने दौड़कर युवक को सड़क से हटाया और किनारे ले गए।

सड़क किनारे पहुंचने के बाद भी पति-पत्नी के बीच विवाद जारी रहा। युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करती है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है। उसने गुस्से में आत्महत्या करने की बात भी कही।

इस दौरान सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात भी प्रभावित होने लगा। राहगीरों ने मामले की सूचना मीरापुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को संभाला।

पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक दंपत्ति को समझाया और विवाद को शांत कराया। साथ ही दोनों को भविष्य में इस तरह का कदम न उठाने की हिदायत दी गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में इस हाईवोल्टेज ड्रामे की चर्चा बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते राहगीरों ने तत्परता नहीं दिखाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में धैर्य बनाए रखें और कानून हाथ में लेने या आत्मघाती कदम उठाने से बचें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *