मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल की शिक्षिका के साथ कथित रूप से अपहरण, नशीला पदार्थ देकर सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की हैं।

जानकारी के अनुसार, रतनपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवती निजी स्कूल में शिक्षिका है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गत 7 अप्रैल को गांव निवासी वसीम उसे चाकू के बल पर जबरन अपने साथ ले गया। आरोप है कि वहां वसीम और उसके साथी जावेद ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बना लिया।

पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया। आरोप है कि दोनों युवक उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बना रहे थे। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसे फुलत मदरसे जाने और वहां से रुपये मिलने के बाद हैदराबाद ले जाकर निकाह करने की बात कही।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह आरोपी वसीम उसे गांव के मंदिर के बाहर मिला और दोबारा धर्म परिवर्तन कर निकाह करने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज की और मुस्लिम धर्म स्वीकार नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने के बाद दूसरे आरोपी जावेद ने पीड़िता के घर पहुंचकर उसके भाई के साथ मारपीट की और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि बुधवार सुबह वसीम की मां और बहन नैना उसके घर पहुंचीं और मामले को खत्म करने के लिए पैसों का लालच दिया। आरोप है कि जब पीड़िता ने शिकायत वापस लेने से इनकार किया तो उन्होंने पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक आरोपी लंबे समय से व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से भी उसे परेशान और ब्लैकमेल कर रहे थे।
इसके बाद बुधवार शाम पीड़िता अपने परिजनों और विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री सोहनवीर सिंह के साथ रतनपुरी थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वसीम, जावेद, वसीम की मां और बहन नैना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रतनपुरी थाना प्रभारी राकेश सिंह और बुढ़ाना क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

