मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के बिरोही गांव में शनिवार सुबह 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव गांव में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक तथा डॉग स्क्वायड टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की पहचान बिरोही गांव निवासी शिवशंकर उर्फ दयाशंकर यादव पुत्र स्वर्गीय लालता प्रसाद के रूप में हुई है। वह गुजरात में एक निजी कंपनी में काम करता था। शनिवार सुबह उसका शव घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सोनी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दीपावली पर घर लौटने की थी उम्मीद
मृतक के बड़े भाई कृपाशंकर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे प्रयागराज जंक्शन से एटीएम के जरिए रुपये निकालने का मैसेज मिला था। परिवार को उम्मीद थी कि शिवशंकर दीपावली के त्योहार पर घर लौट रहा है। लेकिन शनिवार सुबह उसके शव मिलने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि घटना की परिस्थितियां संदिग्ध हैं और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक तथा डॉग स्क्वायड टीम की मदद ली।
विंध्याचल थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

