मीरजापुर में बाढ़ का अलर्ट: गंगा किनारे गांवों का निरीक्षण, पहले से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश

मीरजापुर में बाढ़ का अलर्ट: गंगा किनारे गांवों का निरीक्षण, पहले से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश

मीरजापुर। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शनिवार को कोन विकासखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र हरसिंघपुर और मल्लेपुर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर जलस्तर, कटान और संभावित खतरे की जानकारी ली। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि बाढ़ आने का इंतजार न किया जाए, बल्कि पहले से ग्रामीणों को अलर्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी पूरी कर ली जाए।

मंडलायुक्त ने कहा कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए पहले से बाढ़ राहत शिविर चिह्नित कर लिए जाएं। शिविरों में शौचालय, भोजन, पेयजल, दवाएं और प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पशुओं के लिए चारे के साथ ऊंचे स्थानों पर अलग शिविर बनाए जाएं।

उन्होंने गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने का हवाला देते हुए लोगों को घाटों, पुलों और नदी किनारे जाने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। गोताखोर और नाव की व्यवस्था करने के साथ एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीमों को भी अलर्ट रखने के निर्देश दिए। राजस्व टीम को सक्रिय करते हुए लेखपाल, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया।

निर्माणाधीन छह लेन पुल का भी निरीक्षण

मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने गंगा नदी पर निर्माणाधीन छह लेन पुल और अप्रोच रोड के कार्य की प्रगति देखी। मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्माण में तेजी लाने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में छोटी सी लापरवाही भी किसी की जान पर भारी पड़ सकती है। कार्यस्थल पर मजबूत बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। रात में काम होने पर पर्याप्त रोशनी और रेडियम पट्टी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। मंडलायुक्त ने चेतावनी दी कि खोदे गए गड्ढों को खुला छोड़ने से यदि कोई हादसा हुआ तो संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गड्ढों के चारों ओर तत्काल बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *