मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में राजगढ़ थाना क्षेत्र के ददरा बाजार में गुरुवार देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

कुड़ी गांव निवासी 20 वर्षीय अंकित अपने मामा ददरा गांव निवासी 32 वर्षीय बलिराम यादव के साथ मुंबई में रहकर निजी काम करता था। गुरुवार रात दोनों कुड़ी गांव पहुंचे थे। किसी बात को लेकर अंकित का अपने पिता से विवाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार विवाद बढ़ने पर मामा-भांजे ने कथित तौर पर अंकित के पिता के हाथ-पैर बांधकर मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो दोनों बाइक से वहां से निकल गए।

दोनों एक ही बाइक से बलिराम के घर ददरा जा रहे थे। रात करीब नौ बजे ददरा बाजार में ट्रक की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। बलिराम की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
अंकित दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि ट्रक के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हुई है और उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। ट्रक को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

