नोएडा। नोएडा के विभिन्न जगहों पर एक 19 वर्षीय युवती समेेत तीन अज्ञात लोगों के शव मिले हैं। घटनाओं की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।

बिसरख थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि हिंडन नदी में एक 19 वर्षीय युवती का शव बृहस्पतिवार की शाम को पुलिस को मिला है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

थाना सूरजपुर के प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में एक 38 वर्षीय व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में सड़क पर मिले। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उनकी मौत सड़क हादसे के चलते हुई है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
थाना सेक्टर 49 के प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र में एक 56 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस को रात के समय मिला है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

