मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट, एक घायल

बहसूमा। क्षेत्र के ग्राम सदरपुर में बीती रात्रि मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम सदरपुर का रहने वाला नीतीश शर्मा पुत्र अतेंद्र शर्मा गुरुवार की देर शाम अपने गांव में मेरठ पौड़ी मार्ग पर स्थित बस स्टैंड पर खड़ा हुआ था। तभी वहां से गांव का ही रहने वाला प्रदीप अपनी बाइक लेकर गुजरा। इसी बीच दोनों में कहासुनी हो गई जो बाद में मारपीट में बदल गई। उस समय तो मौके पर कुछ लोगों ने दोनों पक्षों में बीच-बचाव करा दिया। लेकिन घटना के कुछ देर बाद आरोपी प्रदीप अपने अन्य कुछ साथियों के साथ नीतीश शर्मा के घर पहुंचा तथा उसके ऊपर धारदार हथियारों से हमला बोल कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नितेश शर्मा की तहरीर पर उसका डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन घटना के बाद से आरोपी फरार है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *