भोपा में रफ्तार का कहर: ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी भीषण टक्कर, महिला की मौत; 3 बच्चों समेत 7 घायल

भोपा में रफ्तार का कहर: ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी भीषण टक्कर, महिला की मौत; 3 बच्चों समेत 7 घायल

भोपा (मुजफ्फरनगर)। भोपा-मुजफ्फरनगर मार्ग पर कासमपुर गांव के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में तीन मासूम बच्चों और महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते दो घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। उपचार के दौरान कुकड़ा निवासी कुसुम पत्नी राजेंद्र की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव कुकड़ा निवासी एक परिवार ई-रिक्शा में सवार होकर ककरौली थाना क्षेत्र के गांव भुवापुर में देवता पूजन के लिए जा रहा था। रास्ते में रहकड़ा गांव निवासी दीपा पत्नी रोहताश और अपर्णा पुत्री मिंटू भी ई-रिक्शा में सवार हो गईं। ई-रिक्शा जैसे ही भोपा-मुजफ्फरनगर मार्ग पर कासमपुर गांव स्थित स्कूल के सामने पहुंची, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भोपा पहुंचाया।

हादसे में कुकड़ा निवासी कुसुम पत्नी राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में कुकड़ा निवासी गुड्डी उम्र करीब 30 वर्ष पत्नी कपिल, सानू उम्र करीब 10 वर्ष पुत्री कपिल, शिवांगी उम्र करीब 8 वर्ष पुत्री कपिल और अक्षित पुत्र कपिल घायल हुए हैं। इसके अलावा रहकड़ा निवासी दीपा पत्नी रोहताश और अपर्णा पुत्री मिंटू भी दुर्घटना में घायल हुई हैं। ई-रिक्शा चालक रऊफ भी हादसे में घायल हुआ है।

सीएचसी भोपा में प्राथमिक उपचार के बाद ई-रिक्शा चालक रऊफ और गुड्डी की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अन्य घायलों का भी उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया। उप निरीक्षक आकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

हादसे में एक महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। देवता पूजन के लिए जा रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिससे गांव कुकड़ा में भी शोक का माहौल है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *