मुजफ्फरनगर में रातभर चलेगी किसान-मजदूर महापंचायत, जीआईसी मैदान में तैयारियां पूरी, शहर में रूट डायवर्जन लागू

मुजफ्फरनगर में रातभर चलेगी किसान-मजदूर महापंचायत, जीआईसी मैदान में तैयारियां पूरी, शहर में रूट डायवर्जन लागू

मुजफ्फरनगर। नगर के महावीर चौक स्थित जीआईसी मैदान में भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में आयोजित होने वाली विशाल मजदूर किसान महापंचायत को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भाकियू के इतिहास में यह पहला मौका है, जब मासिक पंचायत का आयोजन रात के समय किया जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम शाम चार बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह पांच बजे तक लगातार चलेगा। महापंचायत को लेकर किसानों और भाकियू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। दूरदराज के क्षेत्रों से किसानों के ट्रैक्टर ट्रॉलियों के साथ मुजफ्फरनगर पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

महापंचायत की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिला मजिस्ट्रेट उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जीआईसी मैदान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्गों समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने किसान संगठन के प्रतिनिधियों और आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बातचीत कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

प्रशासन की ओर से महापंचायत को देखते हुए सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मैदान के आसपास पुलिसकर्मियों के साथ भाकियू के वालंटियर भी व्यवस्था संभालेंगे। भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात को सुचारु रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी और जिला मीडिया प्रभारी हेमेंद्र कुमार ने बताया कि महापंचायत में आने वाले किसानों के लिए भंडारे की व्यवस्था के बजाय अपने घर से भोजन लेकर आने की अपील की गई है। संगठन की ओर से किसानों से कहा गया है कि एक किसान साथी अपने साथ दो अन्य किसान साथियों के लिए भी घर का भोजन लेकर पहुंचे। इसके साथ ही अधिक से अधिक किसानों से ट्रैक्टर ट्रॉलियों के माध्यम से महापंचायत में शामिल होने का आह्वान किया गया है।

बारिश की संभावना को देखते हुए किसान अपने ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर झोपड़ी और अन्य जरूरी इंतजाम करके पहुंच रहे हैं। संगठन की ओर से मौसम को ध्यान में रखते हुए किसानों से आवश्यक तैयारी के साथ आने की अपील की गई है। महापंचायत में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत, विभिन्न खापों के चौधरी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।

महापंचायत में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। आगामी गन्ना पेराई सत्र को लेकर किसानों की तैयारियों, गन्ने से जुड़े मुद्दों और किसानों की अन्य समस्याओं पर संगठन के पदाधिकारी और किसान प्रतिनिधि मंथन करेंगे। पंचायत के दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।

किसान महापंचायत को केवल राजनीतिक और किसान मुद्दों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा। महापंचायत के दौरान रागिनी कलाकारों और पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां होंगी। रातभर चलने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और कार्यकर्ताओं के मौजूद रहने की संभावना है।

महापंचायत को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव

महापंचायत के मद्देनजर मुजफ्फरनगर शहर की यातायात व्यवस्था में भी व्यापक बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। पुलिस और यातायात विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे महावीर चौक और जीआईसी मैदान की ओर जाने से बचें तथा निर्धारित डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करें।

एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे के अनुसार शाम चार बजे से महावीर चौक की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एसडी तिराहे से जानसठ फ्लाईओवर होते हुए महावीर चौक की ओर रोडवेज बसों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।

प्रकाश चौक और मीनाक्षी चौक की ओर से आने वाले भारी वाहनों और बसों को महावीर चौक की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। टिकैत चौक से केवल दोपहिया और चारपहिया वाहन ही आगे जा सकेंगे, जबकि ई रिक्शा और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

यातायात व्यवस्था को लेकर परिवहन निगम ने भी बसों के संचालन में बदलाव किया है। परिवहन निगम के एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि बिजनौर की ओर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन जानसठ बाइपास के रास्ते किया जाएगा। वहीं दिल्ली, बागपत और शामली की ओर जाने वाली रोडवेज बसें राणा चौक से संचालित होंगी।

प्रशासन ने महापंचायत में आने वाले किसानों के साथ ही शहर के आम नागरिकों से भी यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि महापंचायत के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है, ताकि कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात का दबाव नियंत्रित रखा जा सके और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।

महापंचायत के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया है। जीआईसी मैदान और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तथा वालंटियरों की मौजूदगी रहेगी। अधिकारियों ने आयोजन से जुड़े लोगों से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *