बुढ़ाना के डॉ. आशीष गोला ने AMU में लहराया परचम, MD डर्माटोलॉजी में गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया जिले का मान

बुढ़ाना के डॉ. आशीष गोला ने AMU में लहराया परचम, MD डर्माटोलॉजी में गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया जिले का मान

बुढ़ाना। कस्बे के मोहल्ला पछाला निवासी चिकित्सक परिवार के होनहार युवा डॉ. आशीष गोला ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) से एमडी डर्माटोलॉजी की पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने के लिए घर पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया।

डॉ. आशीष गोला ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई लखनऊ के प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से डर्माटोलॉजी में एमडी की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने सर्वोच्च अंक हासिल किए और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

डॉ. आशीष का परिवार भी लंबे समय से चिकित्सा सेवा से जुड़ा हुआ है। उनके पिता डॉ. रणवीर गोला बुढ़ाना कस्बे में अपना क्लीनिक चलाते हैं और बीएएमएस चिकित्सक हैं। बड़ी बहन डॉ. कंचन गोला ईएनटी सर्जन हैं और लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में सीनियर रेजिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। वहीं छोटे भाई प्रीत गोला दिल्ली के यूसीएमएस से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं।

डॉ. आशीष की उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ कस्बे के लोगों में भी खुशी है। गोल्ड मेडल मिलने की जानकारी के बाद घर पहुंचे पड़ोसियों और गणमान्य लोगों का परिवार की ओर से मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया।

इस मौके पर पिता डॉ. रणवीर गोला और माता राजेश ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों को हमेशा ईमानदारी, अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने की सीख दी। बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से अपनी राह खुद बनाई और परिवार के साथ पूरे बुढ़ाना कस्बे का नाम रोशन किया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *