मीरापुर में 3% सब्सिडी न मिलने पर किसानों का फूटा गुस्सा, भूम्मा बी-पैक्स पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू

मीरापुर में 3% सब्सिडी न मिलने पर किसानों का फूटा गुस्सा, भूम्मा बी-पैक्स पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू

मीरापुर। थाना मीरापुर क्षेत्र के ग्राम भूम्मा स्थित बहुउद्देश्यीय ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड (बी-पैक्स) पर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (राजनैतिक) के बैनर तले किसानों ने तीन प्रतिशत सब्सिडी की राशि नहीं मिलने के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने की अगुवाई भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष विवेक भाटी ने की। किसानों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी पात्र किसानों के खातों में सब्सिडी की रकम नहीं पहुंचती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरने का नेतृत्व कर रहे विवेक भाटी ने बताया कि सहकारी समिति की ओर से किसानों से सात प्रतिशत की दर से ब्याज वसूला गया था। इसमें से तीन प्रतिशत राशि पात्र किसानों को सब्सिडी के रूप में उनके खातों में वापस की जानी थी। उनके अनुसार समिति से कुल 1537 किसान जुड़े हैं, जिन्हें तीन प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिलना है। हालांकि अभी तक केवल 416 किसानों के खातों में ही सब्सिडी की राशि पहुंची है। शेष 1100 से अधिक किसान अपने हक की राशि के लिए इंतजार कर रहे हैं।

किसानों का आरोप है कि सब्सिडी की फाइल तैयार करने और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर प्रति किसान 2000 रुपये की अवैध वसूली की गई। किसानों ने इस आरोप की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

धरने और किसानों के विरोध की जानकारी मिलने पर समिति के एमडी विपिन पांडे ने किसानों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि कुछ किसानों की ओर से जमा कराए गए प्रमाण पत्रों और अन्य दस्तावेजों में लिपकीय त्रुटियां मिलने के कारण उनकी सब्सिडी का भुगतान अटक गया था। इन त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया चल रही है।

एमडी ने आश्वासन दिया कि पात्र किसानों की सब्सिडी की राशि 15 अक्टूबर तक उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि करीब 300 किसानों ने निर्धारित अंतिम तिथि के बाद अपने फॉर्म जमा किए थे। ऐसे किसान नियमानुसार इस चरण में सब्सिडी के दायरे में नहीं आ सकेंगे। वहीं किसानों की ओर से लगाए गए वसूली के आरोपों को लेकर आंतरिक जांच जारी होने की बात कही गई है।

धरने में नगर अध्यक्ष जानसठ नफीस, ओमपाल, अमित कुमार, सत्य प्रकाश, प्रेमराज, मुकेश गिरी, धर्मेंद्र भाटी, भरे खान, इकबाल, बालिस्टर, राजपाल, नसीम, रिजवान, जितेंद्र, रवि चंद्रा, अनुराग, वीर भानु, अंकुर भाटी, जय सिंह, सुरेश चंद त्यागी, नीरव, नीरज भाटी, शिवम कुमार, जोगिंदर, अमरीश कुमार और अर्पित भाटी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *