बांदा में दो मासूमों की हत्या के बाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, नरैनी थाना प्रभारी हटाए गए; 23 पुलिसकर्मियों के तबादले

बांदा में दो मासूमों की हत्या के बाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, नरैनी थाना प्रभारी हटाए गए; 23 पुलिसकर्मियों के तबादले

बांदा। उत्तर प्रदेश के नरैनी थाना क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम बच्चों की हत्या के मामले के बाद पुलिस महकमे में फेरबदल का सिलसिला जारी है। घटना में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर दो दिन पहले हलका प्रभारी दारोगा और एक सिपाही को निलंबित किया था। इसके बाद मामले की जांच नरैनी थाना से हटाकर गिरवां थाने को सौंप दी गई। अब पुलिस अधीक्षक ने नरैनी के प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा को भी हटाकर अपराध शाखा भेज दिया है। उनकी जगह बबेरू थाना के अतिरिक्त निरीक्षक प्रताप सिंह को नरैनी का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। इस बदलाव के साथ ही जिले में निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक समेत कुल 23 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं।

नंदवारा गांव में दो बच्चों की हत्या की घटना के बाद पुलिस की भूमिका और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे थे। मामले में शुरुआती कार्रवाई के तहत हलका प्रभारी और एक सिपाही को निलंबित किया गया। विवेचना की निष्पक्षता के मद्देनजर जांच दूसरे थाने को सौंपे जाने के बाद अब नरैनी थाना प्रभारी को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। भास्कर मिश्रा को अपराध शाखा भेजे जाने और प्रताप सिंह की तैनाती को इसी घटनाक्रम के बीच पुलिस महकमे में हुए अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

कई थानों के प्रभारी बदले

पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक, निरीक्षक ऋषिदेव सिंह को जसपुरा थाने से हटाकर अपराध शाखा भेजा गया है। उपनिरीक्षक राधाकृष्ण तिवारी बदौसा से जसपुरा के थानाध्यक्ष बनाए गए हैं, जबकि सर्विलांस सेल में तैनात उपनिरीक्षक राजेश कुमार मौर्य को बदौसा थाने की कमान सौंपी गई है। राजवीर सिंह चंदेल को पुलिस लाइन से न्यायालय सुरक्षा में तैनात किया गया है। बबेरू थाने में भी जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। अनिल कुमार साहू को करतल चौकी से हटाकर बबेरू थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है। अपराध शाखा से कुलदीप तिवारी को भी बबेरू थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रवीण सिंह को बबेरू से हटाकर अतर्रा कस्बे का प्रभारी बनाया गया है।

चौकी प्रभारियों की भी बदली तैनाती

अनिल गुप्ता को बिसंडा थाने से करतल चौकी प्रभारी बनाया गया है। गजेंद्र सिंह को कस्बा नरैनी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सुभाष चंद्र वर्मा वरिष्ठ उपनिरीक्षक तिंदवारी के साथ कस्बा प्रभारी का काम भी संभालेंगे। संतोष सिंह को बेंदा घाट चौकी से हटाकर मटौंध कस्बे का प्रभारी बनाया गया है। दिनेश गौतम को जिला अस्पताल चौकी से बेंदा घाट चौकी भेजा गया है, जबकि विनोद कुमार को कस्बा नरैनी से जिला अस्पताल चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंकज चौरसिया को कोतवाली देहात से महुटा चौकी प्रभारी बनाकर अतर्रा भेजा गया है। सौरभ सिंह को महुटा चौकी से नरैनी थाने में तैनाती मिली है। दुर्विजय सिंह को महोखर चौकी से चुनाव सेल भेजा गया है, जबकि मनीष शर्मा को कमासिन कस्बा प्रभारी से हटाकर महोखर चौकी प्रभारी बनाया गया है।

महिला उपनिरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारी

महिला उपनिरीक्षक रक्षा देवी को मटौंध कस्बा प्रभारी के पद से हटाकर कोतवाली नगर भेजा गया है। कल्पना सिंह को कोतवाली नगर से महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बबेरू की जिम्मेदारी दी गई है। रोशनी सेंगर को अतर्रा कस्बा प्रभारी से हटाकर नरैनी थाने में तैनात किया गया है। इसके अलावा आशीष पटेरिया कमासिन थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के साथ कस्बा प्रभारी का कार्यभार भी संभालेंगे।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि संबंधित पुलिसकर्मियों को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें अनुपालन आख्या गोपनीय कार्यालय में भेजने को भी कहा गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *