फिरोजाबाद। जिले की थाना उत्तर पुलिस टीम ने शुक्रवार को दो शातिर मोबाइल चोरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल एक अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि जनपद में चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के क्रम में थाना प्रभारी अंजीश कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त बच्चू बाबा स्कूल के पीछे, जलेसर रोड स्थित शनिदेव मंदिर के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर थाना उत्तर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। इस दौरान मोटर साइकिल पर सवार दाे संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिये। पुलिस टीम ने रोका तो उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया।

पुलिस की ओर आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में एक संदिग्ध व्यक्ति के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान थाना उत्तर पर दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त नगला विष्णु निवासी रघु उर्फ राघव के रूप में हुई। वहीं, दूसरे अभियुक्त इसी इलाके में रहने वाले राजा को मौके से गिरफ्तार कर लिया पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, जिन्दा कारतूस, 03 मोबाइल फोन (छिनेती के), घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। एएसपी ने बताया कि अभियुक्तगण के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।

