वाराणसी मुठभेड़ में बदमाश घायल, करोड़ों की चोरी मामले में चार गिरफ्तार

वाराणसी मुठभेड़ में बदमाश घायल, करोड़ों की चोरी मामले में चार गिरफ्तार

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र के ऊंदी गांव के समीप शुक्रवार तड़के एसओजी और शिवपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। इसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर उनके एक अन्य साथी तथा चोरी के सोने को गलाने वाले सोनार को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश की पहचान आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र स्थित सैदा निवासी विशाल कुमार पुत्र राजेन्द्र राम के रूप में हुई है, जबकि दूसरे गिरफ्तार आरोपित की पहचान वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित भक्ति नगर कॉलोनी निवासी रोहित पाल पुत्र कल्लू पाल के रूप में की गई है। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने लालपुर-पांडेयपुर निवासी अमन सेठ को भी गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार भोर में शिवपुर पुलिस और एसओजी की टीम संयुक्त रूप से क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ अपराधी ऊंदी गांव की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया। दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में विशाल कुमार के पैर में गोली लग गई, जिससे वह बाइक से गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। वहीं उसका साथी रोहित भागने का प्रयास करने लगा। एसओजी टीम ने पीछा कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने हाल ही में शिवपुर क्षेत्र में एक जीएसटी अधिकारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश विशाल कुमार के खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चोरी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कांशीराम आवास क्षेत्र में हुई चोरी की घटना से जुड़े पांडेयपुर निवासी यश तथा चोरी के सोने को गलाने वाले अमन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। शिवपुर पुलिस ने मुठभेड़ और गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *