प्रयागराज में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़! एक को लगी गोली, 3 साथी गिरफ्तार; लूट की कार, पिस्टल-तमंचा और बाइक बरामद

प्रयागराज में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़! एक को लगी गोली, 3 साथी गिरफ्तार; लूट की कार, पिस्टल-तमंचा और बाइक बरामद

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित थरवई थाना क्षेत्र में शुक्रवार भोर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके एक साथी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद लूट की वारदात में शामिल दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई कार, एक पिस्टल, तमंचा और चोरी की मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है। यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपित की पहचान प्रतापगढ़ के अंजनपुर गांव निवासी साहिल खान पुत्र वसीम के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथ प्रयागराज के मऊआइमा निवासी अब्दुल सत्तार पुत्र फ्याजुद्दीन को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर लूट की घटना में शामिल सोरांव निवासी राजू पटेल और गोविन्द यादव को भी गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से लूट में प्रयुक्त एवं लूटी गई कार तथा अन्य सामान बरामद किया गया है।

डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत के अनुसार, थरवई थाना क्षेत्र के हार्टमनगंज में एक सितंबर को कबाड़ कारोबारी के साथ लूट की घटना हुई थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो घटना में कबाड़ की दुकान पर काम करने वाले गोविन्द यादव की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, गोविन्द ने ही लूट की पूरी योजना तैयार की थी और अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस टीम ने मुठभेड़ और पूछताछ के बाद घटना में शामिल चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियारों के साथ चोरी की मोटरसाइकिल और लूट से संबंधित सामान बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर ने बताया कि मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया है। सभी आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *