मुजफ्फरनगर में विवादित होर्डिंग को लेकर सपा-भाजपा समर्थक आमने-सामने, तीन पर कार्रवाई; 20-20 हजार के मुचलके पर पाबंद

मुजफ्फरनगर में विवादित होर्डिंग को लेकर सपा-भाजपा समर्थक आमने-सामने, तीन पर कार्रवाई; 20-20 हजार के मुचलके पर पाबंद

मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर लगाए गए एक विवादित होर्डिंग को लेकर समाजवादी पार्टी और भाजपा समर्थकों के बीच शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। होर्डिंग फाड़े जाने के बाद नई मंडी थाना पुलिस ने मामले में सपा नेता गौरव जैन, होर्डिंग लगाने वाले भाजपा समर्थक एवं समाजसेवी राजेश गोयल और प्रिंटिंग प्रेस संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों को 20-20 हजार रुपये के मुचलके पर पाबंद किया है।

जानकारी के अनुसार, भोपा रोड पर लगाए गए होर्डिंग को लेकर सपा नेताओं ने आपत्ति जताई थी। सपा नेताओं का आरोप था कि होर्डिंग के जरिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और इंडिया गठबंधन के नेताओं को राष्ट्रविरोधी दिखाने का प्रयास किया गया। इसी के विरोध में सपा नेता गौरव जैन, सलमान त्यागी समेत कई कार्यकर्ता देर रात मौके पर पहुंचे और होर्डिंग को फाड़ दिया।

सूचना मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों को थाने बुलाकर बातचीत की गई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीन लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।

तीन लोगों को 20-20 हजार के मुचलके पर किया पाबंद

नई मंडी थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के अनुसार, मामले में सपा नेता गौरव जैन, होर्डिंग लगाने वाले राजेश गोयल और प्रिंटिंग प्रेस संचालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों को 20-20 हजार रुपये के मुचलके पर पाबंद किया गया और भविष्य में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि से बचने की हिदायत दी गई।

सपा जिलाध्यक्ष ने जताई आपत्ति

सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि शहर का माहौल खराब करने के उद्देश्य से ऐसे होर्डिंग लगाए जा रहे हैं, जिनमें विपक्षी नेताओं को राष्ट्रविरोधी बताने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए और किसी भी नेता को देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटना उचित नहीं है।

जिया चौधरी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से विवादित होर्डिंग हटाने की मांग की थी। उनका आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने पर कार्यकर्ताओं को स्वयं मौके पर जाकर विरोध करना पड़ा। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे पोस्टरों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखने की बात कही।

राजेश गोयल बोले- भारत माता की तस्वीर फाड़े जाने से दुखी हूं

वहीं, होर्डिंग लगाने वाले भाजपा समर्थक एवं समाजसेवी राजेश गोयल ने कहा कि पोस्टर की सामग्री पर किसी को आपत्ति हो सकती है, लेकिन होर्डिंग पर भारत माता की तस्वीर भी लगी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध के दौरान भारत माता के चित्र को भी फाड़ दिया गया, जिससे उन्हें गहरा दुख हुआ।

कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष अब्दुल्ला आरिफ भी अपने समर्थकों के साथ नई मंडी थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों को लोकतांत्रिक तरीके से रखा जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराने को सकारात्मक कदम बताया।

सपा कार्यालय पर गौरव जैन का स्वागत

पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद गौरव जैन और उनके साथी सपा कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने विवादित होर्डिंग के विरोध में उठाए गए कदम का समर्थन किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *