प्रयागराज में गूंजेगी छात्रों की आवाज! अजय राय बोले- राहुल गांधी के संवाद से बनेगा ऐतिहासिक युवा सम्मेलन

प्रयागराज में गूंजेगी छात्रों की आवाज! अजय राय बोले- राहुल गांधी के संवाद से बनेगा ऐतिहासिक युवा सम्मेलन

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया है कि 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से लाखों छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी, शोधार्थी और बेरोजगार युवा शामिल होंगे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उनसे सीधे संवाद करेंगे। सोमवार को लहुराबीर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान आज छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई का एक सशक्त राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है।

—कोटा से शुरू हुआ अभियान, अब प्रयागराज में सबसे बड़ा आयोजन

अजय राय ने बताया कि अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से हुई थी, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की समस्याओं, पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद देहरादून में आयोजित कार्यक्रम को भी युवाओं का व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि अब अभियान का सबसे बड़ा चरण 8 अगस्त को प्रयागराज में आयोजित किया जाएगा।

—युवा रखेंगे अपनी समस्याएं और सुझाव

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश के सभी जनपदों से आने वाले छात्र-युवा राहुल गांधी के समक्ष अपनी समस्याएं, संघर्ष, सुझाव और भविष्य से जुड़े सवाल सीधे रखेंगे। उनके अनुसार यह केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और युवाओं के सम्मान की लड़ाई का लोकतांत्रिक मंच होगा।

—पेपर लीक और बेरोजगारी को बताया सबसे बड़ा मुद्दा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज देश और विशेषकर उत्तर प्रदेश का युवा पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, रिक्त पदों पर नियुक्तियों में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा व्यवस्था से सबसे अधिक प्रभावित है। लाखों छात्र वर्षों की मेहनत के बावजूद बार-बार परीक्षाएं निरस्त होने और पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण अपने भविष्य को लेकर असमंजस में हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक लगातार छात्रों और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं और ‘छात्रों की गूंज’ अभियान उसी संघर्ष का विस्तार है।

—युवाओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि देश का भविष्य उसके छात्र और युवा हैं। यदि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सम्मानजनक रोजगार नहीं मिलेगा तो देश का भविष्य भी सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, छात्र संगठनों और प्रदेशभर के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रयागराज पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

—राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग

पत्रकार वार्ता के दौरान अजय राय ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में शुरू से ही निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करती रही है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी पर सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था सर्वोपरि है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाए जाने चाहिए और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

—ये रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह तथा युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *