शामली/लखनऊ। भाजपा के विधान परिषद सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर जनपद शामली की तहसील एवं ब्लॉक ऊन में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग की।

इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को एक पत्र सौंपते हुए बताया कि ऊन क्षेत्र कृषि प्रधान एवं ग्रामीण क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। राजकीय डिग्री कॉलेज न होने के कारण विद्यार्थियों को दूर-दराज़ के शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण परिवारों के छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि ऊन में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना होने से आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इससे उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ेगी, छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा, ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी तथा युवाओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और उन्हें विश्वास है कि ऊन में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र प्राप्त कर विषय पर गंभीरता से विचार करने तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मोहित बेनीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऊन में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

