पुलिस पर युवकों को अवैध हिरासत में रखकर मारपीट का आरोप, योगेंद्र नगर में ग्रामीणों की पंचायत; आसपा ने जताया विरोध

पुलिस पर युवकों को अवैध हिरासत में रखकर मारपीट का आरोप, योगेंद्र नगर में ग्रामीणों की पंचायत; आसपा ने जताया विरोध

भोपा। थाना क्षेत्र के गांव योगेंद्र नगर में पुलिस कार्रवाई को लेकर बुधवार शाम ग्रामीणों की आपातकालीन पंचायत हुई। ग्रामीणों ने पुलिस पर निर्दोष युवकों और हिरण के सींग बरामदगी मामले में नामजद आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर मारपीट और उत्पीड़न करने के आरोप लगाए। पंचायत में आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने भी पहुंचकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

गांव स्थित रविदास मंदिर परिसर में आयोजित पंचायत में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी भी पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि हिरण के सींग बरामदगी मामले की जांच के नाम पर पुलिस गांव के निर्दोष लोगों को परेशान कर रही है। उनका दावा है कि पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में लिया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले में नामजद एक आरोपी के पिता को भी पुलिस थाने ले गई और उनके साथ कथित तौर पर प्रताड़ना की गई।

आसपा नेता ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग पुलिस कार्रवाई के डर से गांव छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। पंचायत में मौजूद ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए हिरासत में लिए गए निर्दोष लोगों को तत्काल रिहा करने की मांग की।

पंचायत की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और आसपा नेताओं ने उनके सामने अपनी शिकायतें रखीं और पुलिस कार्रवाई पर विरोध जताया।

थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

पंचायत में अंकुर गंग वालिया, रॉबिन पाल, लोकपाल, अमित, हरेंद्र, मनीष, मैनपाल, धनीराम, मुनेश, भगवानदई, शकुंतला, ममतेश, बलवान, अजय, बलविंद्र और राजेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *