नोएडा। थाना सूरजपुर में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बेटी की अश्लील फोटो दो लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसकी वजह से उसकी बेटी की सगाई टूट गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने मंगलवार को बताया कि साकीपुर गांव में रहने वाली एक महिला ने बीती रात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बेटी की शादी अल्फा दो सेक्टर में रहने वाले एक युवक से तय हुई थी। इसी साल 8 मई को उसकी बेटी की गोद भराई, रिंग सेरेमनी तथा सगाई संपन्न हुई। पीड़िता के अनुसार दोनों परिवार काफी सुख खुश थे, तभी 12 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम की आईडी से लड़के वालों और उनके रिश्तेदारों को उनकी बेटी की 25- 30 अश्लील फोटो भेजी गई। जिस लड़के के साथ उनकी बेटी की गंदी फोटो है उसका नाम फरीदाबाद का रहने वाला रोहित है।

महिला ने बताया कि इस मामले की शिकायत तत्काल पुलिस से की गई। चौकी प्रभारी ने इस मामले की जांच की। पीड़िता के अनुसार इससे पूर्व भी रोहित ने उसकी बेटी की अश्लील फोटो वायरल किया था, जिसके बारे में सामाजिक व्यक्तियों द्वारा एक पंचायत करके रोहित को समझाया था। तब रोहित ने अपनी गलती मानी थी। इसके बावजूद भी जब उसकी बेटी की सगाई हुई तो उसने उक्त फोटो को अपने साथी पिंटू फौजी के साथ मिलकर वायरल कर दिया, तथा लड़के पक्ष को भेज कर उनकी बेटी को बदनाम किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

