लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया हैं। इस मामले में दाे आराेपिताें काे हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।

सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि बरौना गांव में मंगलवार को विवेक सिंह के घर पर विपक्षी अभिषेक शर्मा ने अपने कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ घर में पत्थरबाजी और फायरिंग की गई। इस प्रकरण में विवेक सिंह की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अभिषेक शर्मा, दुर्गेश कुमार तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। जांच में यह प्रकाश में आया कि दोनों पक्ष ईंट-भट्ठे पर मिट्टी के कार्य से जुड़े हुए हैं तथा इसी कार्य को लेकर उनके मध्य विवाद चल रहा है। घटनास्थल से पुलिस को कारतूस के खोखे बरामद किया हैं।

पुलिस ग्राम सेवई निवासी अभिषेक और ग्राम सभाखेडा निवासी दुर्गेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद कर लिया है। इस प्रकरण में अन्य अज्ञात अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया हैं।

