नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में विभिन्न जगहों पर बेखौफ बदमाशों ने चार लोगों के साथ लूटपाट की। बदमाश मोबाइल फोन, नगदी, बैग आदि लूटकर फरार हो गए। घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सेक्टर -113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को मधुरिमा चोपड़ा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सेक्टर 77 स्थित एक सोसाइटी में रहती है। पीड़िता के अनुसार बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने बीती रात को उनका कीमती मोबाइल फोन लूट लिया। वह अपने घर से सेक्टर 75 की तरफ जा रही थी तभी यह घटना हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह को संजीव ने थाना बिसरख में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर बीती रात अपनी दूकान से घर की तरफ जा रहे थे। उनके अनुसार पुराना हैबतपुर के पास बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक पर पीछे बैठी उनकी पत्नी का बैग झपट्टा मार कर लूट लिया। इस घटना में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई तथा पति-पत्नी गिरते गिरते बच्चे। उन्होंने बदमाशों का पीछा किया लेकिन वे भाग गए। बैग में मोबाइल फोन, 50 हजार रुपए नगद आदि रखा हुआ था। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि बीती रात को पंकज कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात बदमाशों में एक्वा गार्डन सोसायटी के पास से उनका कीमती आईफोन छीन लिया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर -63 के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को पलाश चौधरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सेक्टर 65 स्थित अपने ऑफिस से घर के लिए निकले थे। जैसे ही वह सेक्टर 63 के पास पहुंचे बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उनका कीमती फोन लूट लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

