नोएडा में सिलेंडर ब्लास्ट से पिता-पुत्र की मौत, आठ दिन बाद थी बेटी की शादी; गैस कंपनी और एजेंसी पर केस

नोएडा में सिलेंडर ब्लास्ट से पिता-पुत्र की मौत, आठ दिन बाद थी बेटी की शादी; गैस कंपनी और एजेंसी पर केस

नोएडा। उत्तर प्रदेश के थाना जेवर क्षेत्र स्थित ग्राम दयानतपुर में बीती रात को रसोई गैस के सिलेंडर में रिसाव के चलते लगी आग और सिलेंडर फटने से हुई दो लोगों की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से झुलसने के मामले में पुलिस ने गैस आपूर्तिकर्ता कंपनी और गैस एजेंसी के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम दयानतपुर के रहने वाले कुशल पाल सिंह ने आज रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 23 नवंबर 2026 को ग्राम दयानतपुर में एलपीजी गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण आग लगी, तथा गैस सिलेंडर फट गया। इस घटना में वीरपाल सिंह (56) उनके पुत्र अभिषेक (24) की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अभिषेक की पत्नी काजल एवं उसका दो वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। उन्होंने आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडर की गुणवत्ता, वाल्व, सील, रिपेयरिंग एवं सुरक्षा के मानकों के अनुपालन में लापरवाही की आशंका है। गैस आपूर्ति कर्ता कंपनी एवं संबंधित एजेंसी का दायित्व है कि उपभोक्ताओं को पूर्णत सुरक्षित एवं निर्धारित मांगों के अनुरूप सिलेंडर उपलब्ध कराए। उन्होंने इस मामले में गैस आपूर्ति कर्ता कंपनी, संबंधित गैस एजेंसी एवं जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच करने की मांग करते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125,287 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं बल्कि आम नागरिकों के जीवन एवं सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर मामला है। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आठ दिन बाद थी बेटी की शादी

कुशल पाल के अनुसार जिस घर में यह घटना हुई है उस घर में आठ दिन बाद बेटी की शादी थी। शादी के लिए घर में 23 एलपीजी सिलेंडर रखे गए थे। गैस सिलेंडर में रिसाव हो रहा था। इसी बीच बिजली की तार में स्पार्किंग हुई और आग लग गई। आग की चपेट में रखा एक अन्य सिलेंडर भी आ गया तथा दोनों सिलेंडर फट गए। घटना की सूचना पर आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने घर का दरवाजा तोड़ा तथा घर में प्रवेश कर आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों का कहना है कि अगर घर में रखे 23 सिलेंडर फट जाते तो गांव की काफी लोगों की जान जा सकती थी, तथा यह घटना और भयावह हो सकती थी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *