नोएडा में चोरों के हौसले बुलंद! मुथूट फाइनेंस के बाहर से एसी की आउटडोर यूनिट ले उड़े शातिर, CCTV में कैद हुई करतूत

नोएडा में चोरों के हौसले बुलंद! मुथूट फाइनेंस के बाहर से एसी की आउटडोर यूनिट ले उड़े शातिर, CCTV में कैद हुई करतूत

नोएडा। नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र में चोरों ने चोरी की एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-82 स्थित मुथूट फाइनेंस (मुथूट बैंक) की शाखा के बाहर लगी एयर कंडीशनर (एसी) की आउटडोर यूनिट को शातिर चोर रात के अंधेरे में उखाड़कर अपने साथ ले गए। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना बैंक शाखा के बाहर हुई, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरी की यह पूरी वारदात बैंक परिसर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर बड़ी ही बेखौफ तरीके से एसी की आउटडोर यूनिट को निकालकर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान यूनिट का संतुलन बिगड़ जाता है और भारी आउटडोर यूनिट चोरों के ऊपर ही गिर पड़ती है। हालांकि, इसके बावजूद आरोपी किसी तरह यूनिट को संभालते हैं और उसे लेकर मौके से फरार हो जाते हैं। इस अनोखी चोरी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब बैंक जैसी संवेदनशील संस्था के बाहर लगे उपकरण भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या हाल होगा।

घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों और रात के समय पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही थाना फेज-2 पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों के आने-जाने का रास्ता और उनकी पहचान स्पष्ट हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सामने आया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की इस वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या इससे पहले भी इसी गिरोह ने आसपास के क्षेत्रों में ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *