नोएडा की सोसायटी में दर्दनाक हादसा: बाइक सवार की मौत, गिरते प्लास्टर पर उठे सवाल

नोएडा की सोसायटी में दर्दनाक हादसा: बाइक सवार की मौत, गिरते प्लास्टर पर उठे सवाल

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना बिसरख क्षेत्र में स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले 46 वर्षीय व्यक्ति की मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। उनका सिर दीवार में लगा। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। वहीं सोसाइटी वासियों का कहना है कि जब वह सोसाइटी से बाहर निकल रहे थे तो सोसाइटी के छज्जे का प्लास्टर टूटकर उनके ऊपर गिरा, जिसकी वजह से वह डिसबैलेंस हुए और उनकी बाइक गिर गई।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अरिहंत अंबर सोसाइटी में रहने वाले विकास चावला पुत्र रविंद्र चावला उम्र 46 वर्ष शनिवार की देर रात को अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर सोसाइटी से बाहर निकल रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे उनका सिर दीवार में जा लगा तथा वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अगर मृतक के परिजन कोई शिकायत करेंगे तो पुलिस मामले की जांच करेगी।

वहीं सोसायटी निवासी अरविंद कुमार का कहना है कि जब मृतक देर रात को सोसाइटी से बाहर बाजार में कुछ सामान खरीदने के लिए बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी सोसाइटी के छज्जे का प्लास्टर ऊपर से टूट कर नीचे उनके ऊपर गिरा। उन्हें चोट लगी, तथा उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। सोसायटी वासियों ने आरोप लगाया है कि कई बार कहने के बावजूद भी मेंटेनेंस विभाग रिपेयरिंग का काम नहीं करवा रहा है। सोसाइटी में इससे पहले भी कई बार प्लास्टर गिरने की घटना हो चुकी है। इस घटना के चलते सोसाइटी वासियों में भारी रोष है। निवासियों ने गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने टेक्निकल ऑडिट की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *