नुपुर शर्मा की बढ़ सकती है मुश्किलें, हिरासत में लेने दिल्ली पहुंची मुंबई पुलिस

नई दिल्ली। पैगंबर मोहम्मद पर तथाकथित विवादित टिप्पणी के मामले में नूपुर शर्मा की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। नुपुर शर्मा को मुंबई पुलिस हिरासत में लेने के लिए दिल्ली पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस मामले में दिल्ली पुलिस, मुंबई पुलिस को मदद करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस टीम दिल्ली में मौजूद है और वो नूपुर शर्मा को हिरासत में ले सकती है।

मुंबई की पिधोनी पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची है। नूपुर शर्मा को 25 जून को सुबह 11 बजे अपना बयान दर्ज कराने के लिए पिधोनी थाने भी बुलाया गया है। मुंबई पुलिस ने रजा अकादमी की शिकायत के आधार पर निलंबित भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बता दें कि नूपुर शर्मा को मुंब्रा पुलिस ने भी समन भेजा था। पुलिस ने उन्हें 22 जून को पेश होने के लिए कहा है। मुंब्रा में मोहम्मद गुफरान खान नाम के टीचर ने नूपुर के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसके अलावा एक केस ठाणे में भी दर्ज कराया गया है।

इसके अलावा कोलकाता पुलिस ने भी नूपुर शर्मा को समन जारी किया है। उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए 20 जून को नारकेलडांगा पुलिस स्टेशन में पेश होने को कहा गया है। तृणमूल कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महासचिव अबुल सोहेल ने उनके खिलाफ कोंटाई पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई थी।

वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साइबर यूनिट ने भी नूपुर शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया था। उनके अलावा नवीन जिंदल, शादाब चौहान और मौलाना मुफ्ती नदीम सहित 9 लोगों के खिलाफ माहौल खराब करने का मामला दर्ज किया गया था।

बता दें कि नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट में पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी, जिसे लेकर पहले तो देश के अंदर विरोध हुआ, फिर खाड़ी देशों से भी विरोध की आवाज उठने लगी थी। कई देशों ने बयान पर आपत्ति जताते हुए माफी की मांग की थी। हालांकि, भाजपा ने पहले तो एक बयान जारी कर कहा कि वो सभी धर्मों का सम्मान करती है। इसके बाद पार्टी प्रवक्ता नूपुर शर्मा को निलंबित कर दिया और दिल्ली मीडिया प्रमुख नवीन जिंदल को पार्टी से निकाल दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *