देवरिया में तेज रफ्तार कार ने होमगार्ड को मारी टक्कर, पलटने के बाद चालक समेत सभी सवार फरार

देवरिया में तेज रफ्तार कार ने होमगार्ड को मारी टक्कर, पलटने के बाद चालक समेत सभी सवार फरार

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया में तरकुलवा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात ड्यूटी पर जा रहे एक होमगार्ड सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक भागने की कोशिश में कुछ दूर जाकर वाहन से नियंत्रण खो बैठा। कार तीन से चार बार पलटने के बाद सड़क पर सीधी खड़ी हो गई। इसके बावजूद कार में सवार सभी लोग वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

थानेदार भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि गोपालपुर गांव निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव पुलिस विभाग में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में उनकी ड्यूटी रामपुर कारखाना क्षेत्र की पीआरबी में लगी हुई है। गुरुवार देर रात वह अपनी बाइक से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वह तरकुलवा थाना क्षेत्र के कोंहवलिया मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उमेश यादव सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर स्थित अंधे मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण कार तीन से चार बार पलटी खाने के बाद सड़क पर सीधी खड़ी हो गई। दुर्घटना के बाद कार में सवार सभी लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल होमगार्ड को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक एवं कार सवारों की पहचान की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों का जल्द पता लगाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *