देवरिया महिला हत्याकांड में वांछित आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; साथी फरार

देवरिया महिला हत्याकांड में वांछित आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; साथी फरार

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर स्थित कर्मचारी आवास में महिला की हत्या के मामले में वांछित एक आरोपित को पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित रामअशीष यादव (48) के बाएं पैर में गोली लगी। उसे पहले सीएचसी रुद्रपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। वहीं, बाइक चला रहा उसका साथी नरेश यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि सोमवार रात रुद्रपुर के अवस्थी चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर दोनों बाइक मोड़ कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि कुछ दूर जाने पर बाइक फिसलकर गिर गई और दोनों भागने लगे। ग्राम शिहोरचक के पास एक पेड़ की आड़ लेकर रामअशीष ने पुलिस टीम को गोली मारने की धमकी दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा लेकिन उसने दोबारा फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर में लगी। पुलिस ने मौके से असलहा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में रामअशीष ने बताया कि महिला की हत्या की साजिश में वह और उसका साथी नरेश शामिल थे। उसके अनुसार, हत्या की सुपारी कथित तौर पर तीन लाख रुपये में मिली थी। ढाई लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। शेष 50 हजार रुपये लेने के लिए दोनों जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने पूछताछ में हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।

गौरतलब है कि 25 अक्टूबर को सीएचसी रुद्रपुर परिसर स्थित कर्मचारी आवास में गुड़िया का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतका की मां लालती देवी निवासी करहकोल, थाना एकौना की तहरीर पर पुलिस ने चांदबारी, थाना सहजनवा, गोरखपुर निवासी चमनलाल विश्वकर्मा, अभिमन्यु विश्वकर्मा, उर्मिला देवी और पूर्णिमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले में हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर गठित टीम ने मामले की जांच के दौरान रामअशीष यादव को वांछित आरोपित के रूप में चिह्नित किया था। पुलिस फरार आरोपित नरेश की तलाश में जुटी है। मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में रुद्रपुर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *