जौनपुर में प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी 19 वर्षीय युवती, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

जौनपुर में प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी 19 वर्षीय युवती, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र स्थित बारिगांव में रविवार सुबह प्रेमी से शादी करने की जिद पर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

मीरगंज थाना क्षेत्र के कसेरवा गांव निवासी नेहा गौतम (19) इन दिनों बरसठी थाना क्षेत्र के महुआरी गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। उसका प्रेम संबंध कसेरवा गांव निवासी अभिजीत गौतम (22) से चल रहा है। दोनों एक ही गांव के पड़ोसी और उनके बीच चचेरे भाई-बहन का रिश्ता भी है।

रविवार सुबह करीब छह बजे नेहा बारिगांव पहुंची और प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह प्रेमी की ओर से शादी के लिए सहमति मिलने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। घटना की जानकारी मिलते ही बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने बताया कि युवती को बातचीत के जरिए सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। प्रेमी और उसके परिजनों से बातचीत की जा रही है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *