कानपुर से दिल्ली के लिए 16 नवंबर से चलेगी नई सुपरफास्ट ट्रेन, आनंद विहार तक रोजाना मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

कानपुर से दिल्ली के लिए 16 नवंबर से चलेगी नई सुपरफास्ट ट्रेन, आनंद विहार तक रोजाना मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

कानपुर। कानपुर से दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए एक नई नियमित सुपरफास्ट ट्रेन शुरू होने जा रही है। इससे यात्रियों को आनंद विहार तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। ट्रेन का शुभारंभ 16 नवंबर को कानपुर सेंट्रल स्टेशन से किया जाएगा। यह जानकारी रविवार को प्रेसवार्ता में सांसद रमेश अवस्थी ने दी है।

सांसद ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। शुभारंभ कार्यक्रम में वह स्वयं मौजूद रहेंगे। उन्होंने कानपुरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई ट्रेन शुरू होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों से नियमित रूप से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इस ट्रेन के संचालन से यात्रियों को यात्रा के लिए एक और विकल्प उपलब्ध होगा।

रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के अनुसार ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल से प्रतिदिन रात 8:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार से रात 11:25 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।

इस सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद स्टेशनों पर होगा। नियमित संचालन से इन स्टेशनों के यात्रियों को भी दिल्ली और कानपुर के बीच आवागमन में सहूलियत मिलेगी। रात में कानपुर से रवाना होकर सुबह दिल्ली पहुंचने और रात में ही वापसी की सुविधा मिलने से यात्रियों को अपने कामकाज के लिए दिन का समय भी मिल सकेगा। नई ट्रेन की शुरुआत को शहर के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *