गोरखपुर में गैंगस्टर एक्ट के आरोपी पर बड़ी कार्रवाई, 1.22 करोड़ की जमीन जब्त; फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले में दर्ज हैं केस

गोरखपुर में गैंगस्टर एक्ट के आरोपी पर बड़ी कार्रवाई, 1.22 करोड़ की जमीन जब्त; फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले में दर्ज हैं केस

गोरखपुर। संगठित अपराध एवं गैंगस्टर एक्ट के आरोपितों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध अभियुक्त शाहिद अली की करीब 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये अनुमानित कीमत की जमीन को जब्त कर लिया। जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश के अनुपालन में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना कैंट में पंजीकृत मु0अ0सं0 147/2021, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम से संबंधित अभियुक्त शाहिद अली पुत्र शहादत अली, निवासी नकहा नंबर-02, घोसीपुरवा, थाना चिलुआताल, गोरखपुर की जंगल नकहा नंबर-02 स्थित खाता संख्या 0020, गाटा संख्या 358 में दर्ज जमीन को जब्त किया गया है। पुलिस ने जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 1,22,50,000 रुपये बताई है।

कूटरचित दस्तावेजों से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, शाहिद अली एवं उसके गिरोह के सदस्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाकर अवैध रूप से शस्त्रों के क्रय-विक्रय का कारोबार करते थे। पुलिस का आरोप है कि इस आपराधिक गतिविधि से अर्जित धनराशि का इस्तेमाल अचल संपत्तियां खरीदने में किया गया। गिरोह की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कैंट थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

दो मुकदमे दर्ज

पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त शाहिद अली के विरुद्ध कैंट थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मु0अ0सं0 147/2021, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट तथा मु0अ0सं0 778/2019, धारा 419, 420, 467, 468, 471, 465, 474 एवं 120बी भादवि के मामले शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों से अर्जित संपत्ति पर कानूनी शिकंजा कसना तथा संगठित अपराध में संलिप्त लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।

राजस्व एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में कार्रवाई

संपत्ति जब्ती की कार्रवाई के दौरान कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक जीतेन्द्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार पिपराइच अंकाक्षा पासवान, राजस्व निरीक्षक दिनेश शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, हल्का लेखपाल राजीव बघेल, अमीन अजय ओझा तथा थाना कैंट के रिजर्व कांस्टेबल हरप्रीत सिंह बग्गा समेत राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *