गोंडा में पुलिस मुठभेड़, तीन अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

गोंडा में पुलिस मुठभेड़, तीन अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

गोंडा। गोंडा जिले में कर्नलगंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी का सोना-चांदी, नकदी, हथियार और बाइक बरामद की है।

अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि कर्नलगंज पुलिस और एसओजी, सर्विलांस टीम शुक्रवार देर रात को वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सोनहरा मोड़ के पास पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन वे रुकने की बजाए भागने लगे। पीछा किए जाने पर आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में रामचंद्र गुप्ता के पैर में गोली लगी। उसके दो साथी चांदबाबू और नईम भागने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपित को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कर्नलगंज ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 11 ग्राम सोना, करीब 1 किलो 100 ग्राम चांदी, 93 हजार रुपये नकद, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान घरों और दुकानों की रेकी कर रात में नकब लगाकर अथवा ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ में आरोपितों ने कर्नलगंज थाना क्षेत्र में दर्ज छह से अधिक चोरी की घटनाओं को स्वीकारा है।

बरामद आभूषण और नकदी इन्हीं घटनाओं से संबंधित बताए जा रहे हैं।

एएसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। रामचंद्र गुप्ता के खिलाफ पहले से 10 और नईम के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *