खतौली में बैंककर्मी की मौत से उठे सवाल! सड़क हादसा या साजिश? बैंक से नकदी निकालकर लौट रहा था युवक

खतौली में बैंककर्मी की मौत से उठे सवाल! सड़क हादसा या साजिश? बैंक से नकदी निकालकर लौट रहा था युवक

खतौली। मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए एक बैंककर्मी की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने हादसे को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार रतनपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम भूपखेड़ी निवासी आनंद पुत्र रणवीर एक बैंक में बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट के रूप में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार को आनंद बैंक से नकदी निकालने के लिए गया था, लेकिन देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा। इससे परिवार के लोग चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।

इसी दौरान खतौली पुलिस को भैंसी कट के पास सड़क किनारे एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने तत्काल उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया और उसकी पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आनंद की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

बुधवार को मृतक के परिजन खतौली कोतवाली पहुंचे और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर हादसे को संदिग्ध बताया। उनका कहना है कि आनंद बैंक से नकदी निकालने गया था, इसलिए पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जानी चाहिए और यह स्पष्ट किया जाए कि यह केवल सड़क दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है।

परिजनों की मांग पर प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *