खतौली (मुजफ्फरनगर)। रतनपुरी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। इंचौड़ा कट के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को खतौली सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मेरठ का रहने वाला था मृतक
अस्पताल में शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान कृष्ण पुत्र चंद्रपाल, निवासी ग्राम सेफपुर फिरोजपुर, थाना बहसूमा, जनपद मेरठ के रूप में हुई। बताया गया कि कृष्ण बाइक से किसी काम के सिलसिले में जा रहा था। इसी दौरान इंचौड़ा कट के पास अज्ञात कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कृष्ण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही रतनपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए खतौली सीएचसी भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल भेज दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
रतनपुरी थाना पुलिस के अनुसार, अज्ञात कार और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हाईवे और आसपास के प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी चालक की तलाश जारी है।

