मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को यहां राजभवन में आयोजित एचएसएनसी विश्वविद्यालय के पहले विशेष दीक्षांत समारोह में उद्योगपति रतन टाटा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि रतन टाटा का सम्मान वास्तव में पूरे टाटा परिवार और टाटा समूह का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि एचएसएनसी विश्वविद्यालय से डॉक्टर ऑफ लिटरेचर की मानद उपाधि स्वीकार कर रतन टाटा ने एचएसएनसी यूनिवर्सिटी और लोगों को सम्मानित किया है।
श्री कोश्यारी ने कहा कि रतन टाटा के मूल्य, नैतिकता, विनम्रता और मानवता उन्हें युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनाते हैं।
इस अवसर पर एचएसएनसी विश्वविद्यालय के प्रोवोस्ट डॉ निरंजन हीरानंदानी, एचएसएनसी बोर्ड के अध्यक्ष अनिल हरीश, पूर्व अध्यक्ष किशु मनसुखानी, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ हेमलता बागला और ट्रस्टी उपस्थित थे।
