कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के जनपद कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे देवरिया रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी सात युवक घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो और युवकों ने आज दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक ये सभी सातों दोस्त कसया में नवरात्रि का मेला देखने के बाद कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामाभार पुल के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी सात युवक बुरी तरह से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कसया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पांच युवकों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान इनमें से दो और युवकों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई, जबकि तीन घायलों का इलाज चल रहा है।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान नीतेश कुमार, प्रदीप कुमार, अंकुर कनौजिया और संजीव शर्मा के रूप में हुई है।
कसया के क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में सात युवक घायल हुए। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान चार युवकों की मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
