कुलदीप विश्नोई ने पत्नी, समर्थकों सहित थामा भाजपा का दामन

कुलदीप विश्नोई ने पत्नी, समर्थकों सहित थामा भाजपा का दामन

नयी दिल्ली। कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले हरियाणा, राजस्थान एवं गुजरात के विश्नोई समाज के प्रभावशाली नेता कुलदीप विश्नोई अपनी पत्नी रेणुका विश्नोई एवं हजारों कार्यकर्ताओं के साथ आज यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।
भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में हजारों समर्थकों के हुजूम के बीच विश्नोई दंपति का हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, भाजपा के महासचिव अरुण सिंह, हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के ने गुलदस्ता एवं पार्टी की सदस्यता पर्ची देकर स्वागत किया। श्री विश्नोई एवं उनकी पत्नी ने श्री खट्टर के पैर छू कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी एवं सह प्रभारी संजय मयूख भी उपस्थित थे।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र श्री विश्नोई ने इस मौके पर संवाददाताओं से कहा कि भाजपा का और उनका ‘चोली दामन’ का साथ है। पहले हमारा साथ रहा है फिर कुछ मतभेद हुए लेकिन कभी मनभेद नहीं हुआ। इसी का परिणाम है कि आज वे भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उनके समर्थक कार्यकर्ताओं ने भाजपा में शामिल होने के लिए मन से सहमति दी है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गौरवशाली नेतृत्व से प्रभावित हैं। वह देश के गरीबों एवं हर वर्ग की भलाई एवं तरक्की के लिए कार्य कर रहे हैं और इस वजह से दुनिया में भारत का डंका बज रहा है।
उन्होंने कहा कि वह हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री खट्टर से बहुत प्रभावित हैं जो एक महान व्यक्तित्व के धनी और बहुत विनम्र एवं मिलनसार हैं। आठ साल तक मुख्यमंत्री के रूप में बेदाग काम करना बड़ी बात है। उन्होंने श्री धनखड़ एवं श्री शेखावत की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा में शामिल होने के लिए उन्होंने खूब प्रेरित किया।
श्री विश्नोई ने आश्वासन दिया कि उनके साथ भाजपा में शामिल हो रहे सभी समर्थक मन से पार्टी के लिए काम करेंगे। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से अपील की कि उनके समर्थक बिना शर्त आये हैं लेकिन मान सम्मान एवं प्यार के भूखे हैं। वे पार्टी के प्रति लगन और समर्पण में कोई कमी नहीं रखेंगे।
इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि दो बार के सांसद एवं चार बार के विधायक श्री विश्नोई कल कांग्रेस से त्यागपत्र देकर आये हैं। आज भाजपा के परिवार में उनका, उनकी धर्मपत्नी एवं समर्थकों का स्वागत है। उन्होंने कहा कि श्री विश्नोई ने राज्यसभा के चुनावों में दूसरी सीट पर कांटे के मुकाबले में भाजपा की सहायता की थी और इसे खुल कर स्वीकार भी किया। उन्होंने कहा कि श्री विश्नोई भाजपा में आ गये हैं और उम्मीद है कि वह जल्दी ही नियमों, अनुशासन एवं व्यवस्था में रम जाएंगे और भाजपा उनके अंदर भी आएगी।
श्री धनखड़ ने कहा कि विश्नोई राजस्थान, गुजरात एवं हरियाणा के विश्नोई समाज के नेता है। वह अखिल भारतीय विश्नोई महासभा के संरक्षक भी हैं। विश्नोई समाज का पर्यावरण, पशु पक्षियों के संरक्षण में बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि मधुरभाषी एवं विनम्रता के धनी  विश्नोई कांग्रेस में घुटन महसूस कर रहे थे और अंतरात्मा की आवाज पर वह भाजपा में आये हैं और आशा है कि अभी और अंतरात्माएं जगेंगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विश्नोई के साथ आने वाले सभी समर्थकों को उनकी वरिष्ठता के हिसाब से पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जतायी कि विश्नोई समाज भाजपा के साथ जुड़ेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *