काशी की गंगा पर विदेशी मेहमानों का डेरा, साइबेरिया से हजारों किलोमीटर उड़कर पहुंचे प्रवासी पक्षी; घाटों पर सुबह-सुबह उमड़ रहे सैलानी

काशी की गंगा पर विदेशी मेहमानों का डेरा, साइबेरिया से हजारों किलोमीटर उड़कर पहुंचे प्रवासी पक्षी; घाटों पर सुबह-सुबह उमड़ रहे सैलानी

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में सर्दियों की दस्तक के साथ ही गंगा की लहरों पर विदेशी मेहमानों की चहचहाहट गूंजने लगी है। सात समंदर पार कर साइबेरिया और आसपास के ठंडे इलाकों से पहुंचे प्रवासी पक्षियों ने उत्तरवाहिनी गंगा के तटों पर डेरा डालना शुरू कर दिया है। गंगा की लहरों पर अठखेलियां करते, पानी में तैरते और झुंड बनाकर आसमान में उड़ान भरते इन पक्षियों का मनमोहक नजारा पर्यटकों और स्थानीय लोगों को खूब लुभा रहा है। सुबह की पहली किरण के साथ ही इन विदेशी मेहमानों को निहारने, उनकी अठखेलियों को कैमरे में कैद करने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग घाटों पर पहुंच रहे हैं।

नौका विहार करने वाले पर्यटकों के लिए भी इन पक्षियों की मौजूदगी आकर्षण का खास केंद्र बनी हुई है। गंगा की लहरों पर चलती नावों के आसपास मंडराते और पानी की सतह पर तैरते पक्षियों के झुंड काशी के घाटों की खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं। अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, अहिल्याबाई घाट और नमो घाट सहित अन्य गंगा तटों पर सुबह के समय इनका कलरव सुनाई दे रहा है। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए भी यह नजारा किसी खूबसूरत तस्वीर से कम नहीं है।

बताया जाता है कि ये प्रवासी पक्षी आमतौर पर नवंबर से फरवरी के अंत तक करीब चार महीने काशी और आसपास के गंगा तटीय इलाकों में प्रवास करते हैं। साइबेरिया और उसके आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ने तथा झीलों के जम जाने से भोजन की उपलब्धता कम हो जाती है। ऐसे में अनुकूल मौसम और भोजन की तलाश में ये हजारों किलोमीटर का सफर तय कर गर्म क्षेत्रों की ओर रुख करते हैं। वाराणसी में इनका आगमन नवंबर के दूसरे सप्ताह से शुरू हो जाता है। पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार, ये पक्षी करीब चार हजार किलोमीटर की दूरी तय कर काशी पहुंचते हैं और सर्दियों के दौरान गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में प्रवास करते हैं।

सफेद शरीर, बड़ी चोंच और लंबे पैरों वाले इन प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी से गंगा के दोनों किनारों का नजारा भी बदल जाता है। ये पक्षी गंगा के उस पार रेतीले इलाकों में प्रजनन करते हैं। सर्दियों का मौसम समाप्त होने और तापमान बढ़ने के साथ ही ये अपने बच्चों समेत वापस अपने मूल प्रवास स्थलों की ओर लौट जाते हैं।

अहिल्याबाई घाट के नाविक पप्पू साहनी बताते हैं कि काशी और प्रयागराज जैसे गंगा तटवर्ती जिले इन पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराते हैं। यही वजह है कि हर साल सर्दियों में ये यहां पहुंचते हैं। हालांकि, अभी इनकी संख्या अपेक्षा के अनुरूप कम है। ठंड बढ़ने के साथ ही इनकी संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।

वहीं, बीएचयू में जन्तु विज्ञान के परास्नातक छात्र आकाश कुमार ने बताया कि पर्यटक और स्थानीय लोग अक्सर इन पक्षियों को ब्रेड, नमकीन और लाई जैसे खाद्य पदार्थ खिलाते हैं, जबकि इस तरह का भोजन इनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रवासी पक्षियों को इस प्रकार के खाद्य पदार्थ न खिलाएं और उनके प्राकृतिक भोजन एवं आवास को सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

गौरतलब है कि सर्दियों के मौसम में साइबेरिया से आने वाले इन विदेशी मेहमानों की मौजूदगी काशी के पर्यटन को भी खास रंग देती है। एक ओर गंगा की लहरों पर नौका विहार का आनंद लेने वाले सैलानी इनके कलरव और उड़ान से रोमांचित हो रहे हैं, तो दूसरी ओर घाटों पर सुबह की सैर करने वाले स्थानीय लोगों के लिए भी ये पक्षी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। गंगा की लहरें, उगते सूरज की लालिमा और प्रवासी पक्षियों के झुंड का यह खूबसूरत संगम काशी की सुबह को और भी मनोरम बना रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *